टीआरपी डेस्क। स्विट्जरलैंड के मशहूर लग्जरी अल्पाइन स्की रिजॉर्ट क्रांस-मोंटाना में नए साल के जश्न के दौरान एक बार में विस्फोट होने से कई लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है।

वालिस कैंटन पुलिस प्रवक्ता गेटान लैथियन ने बताया कि स्थानीय समयानुसार 1:30 बजे अज्ञात कारणों से कॉन्स्टेलेशन नामक बार में विस्फोट हुआ। यह बार पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। धमाका नए साल का जश्न मनाते समय हुआ।

विस्फोट के बाद मौके पर पुलिस, दमकल विभाग तथा एम्बुलेंस टीमें पहुंचीं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। बचाव कार्य जारी है।

क्रांस-मोंटाना राजधानी बर्न से करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित है तथा नए साल के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में पर्यटक जुटते हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीमें सबूत जुटा रही हैं तथा बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। विस्फोट के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

See also  WHO ने चीन को लगाई फटकार, कहा- कोरोना से जुड़ा डाटा इंटरनेट पर जारी करने के बाद फिर क्यों हटाया