टीआरपी डेस्क। पूर्वी एशिया में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है। उत्तर कोरिया ने शनिवार को समुद्र की ओर एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिसके बाद जापान में आपातकालीन चेतावनी प्रणाली सक्रिय कर दी गई और कई इलाकों में सायरन बज उठे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से लोगों में डर और चिंता का माहौल देखा गया।

जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर कोरिया की ओर से संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की गई है। सरकार मामले से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मिसाइल किस दिशा में गई, कितनी दूरी तक गई या जापान के समुद्री क्षेत्र में गिरी या नहीं।

जनता से सतर्क रहने की अपील


जापानी अधिकारियों के अनुसार सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और रक्षा बलों के साथ संपर्क में है। अंतरराष्ट्रीय साझेदार देशों से भी सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है, ताकि किसी संभावित खतरे का सही आकलन किया जा सके। अभी तक किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लोगों से सतर्क रहने और सरकारी अपडेट पर ध्यान देने की अपील की गई है।

See also  WPL 2023 : महिला प्रीमियर लीग में RCB की मेंटर बनीं सानिया मिर्जा, कहा- ऑफर पाकर हैरान…

यह मिसाइल लॉन्च ऐसे समय पर हुआ है, जब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग की मेजबानी करने वाले हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के संवेदनशील समय में मिसाइल परीक्षण क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर संकेत माना जा रहा है।

दक्षिण कोरिया ने भी की पुष्टि


दक्षिण कोरिया की सेना ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार सुबह उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से समुद्र की ओर एक मिसाइल दागी है। हालांकि, मिसाइल की क्षमता और दूरी को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी संदिग्ध मिसाइल लॉन्च की सूचना दी है।

लगातार मिसाइल परीक्षण से बढ़ी अंतरराष्ट्रीय चिंता


यह पहली बार नहीं है जब उत्तर कोरिया ने मिसाइल परीक्षण किया हो। बीते कुछ वर्षों में कई बार ऐसे परीक्षण सामने आ चुके हैं, जिन पर जापान, दक्षिण कोरिया, अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों ने नाराजगी जताई है। इन देशों का कहना है कि उत्तर कोरिया का यह कदम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन है, क्योंकि उसे बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण की अनुमति नहीं है।

See also  दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने रचा इतिहास, सिर्फ एक दिन में कमाए 2.71 लाख करोड़

विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया यह परीक्षण सत्ताधारी वर्कर्स पार्टी की बड़ी बैठक से पहले कर रहा है, जो पांच साल में पहली बार आयोजित होने जा रही है। माना जा रहा है कि इन गतिविधियों के जरिए वह अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करना चाहता है और अमेरिका समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संदेश देना चाहता है।