टीआरपी डेस्क। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से बाहर किए जाने का फैसला बांग्लादेश को हजम नहीं हो पा रहा है। यह मामला अब सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि राजनीतिक और कूटनीतिक रंग भी ले चुका है। इसी कड़ी में बांग्लादेश सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए देश में आईपीएल के प्रसारण और डिजिटल स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने का फैसला किया है। यह आदेश सोमवार, 5 जनवरी को जारी किया गया।

सरकारी आदेश में कहा गया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से जुड़े एक फैसले के तहत बांग्लादेश के स्टार क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को 26 मार्च 2026 से शुरू होने वाले आईपीएल सीजन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स टीम से बाहर कर दिया गया। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि इस निर्णय के पीछे कोई स्पष्ट या तार्किक कारण सामने नहीं आया है, जिससे देश के खेल प्रेमियों और आम नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं।

See also  क्रिकेट जगत को 'डकवर्थ-लुईस पद्धति' का नियम बताने वाले टोनी लुईस का निधन

आदेश में आगे उल्लेख किया गया है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए, अगले आदेश तक आईपीएल के सभी मैचों और उससे जुड़े कार्यक्रमों का बांग्लादेश में किसी भी माध्यम से प्रसारण या टेलीकास्ट नहीं किया जाएगा। सरकार ने इसे जनहित में उठाया गया कदम बताया है और कहा है कि यह फैसला सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद लागू किया गया है।

इस विवाद की जड़ उस फैसले से जुड़ी है, जिसमें बीसीसीआई ने हालिया घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया। बीते कुछ समय में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाओं की खबरों के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में तल्खी बढ़ी है, जिसका असर अब क्रिकेट तक पहुंच गया है। गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 16 दिसंबर को हुए आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था।

See also  Paris Paralympics 2024 : भारत के पास आज 5 पदक जीतने का मौका, देखें पूरा शेड्यूल