टीआरपी। Protests against liquor shops : रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड एवं भक्त माता कर्मा वार्ड में स्थित देशी विदेशी शराब दुकान को लेकर क्षेत्र की जनता उद्वेलित है। भाठागांव बस्ती में स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास और भक्त माता कर्मा वार्ड में वालफोर्ट सिटी के पास मुख्य मार्ग में शराब दुकान के साथ चखना सेंटर खोले गए हैं।
सत्यमेव जयते फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि इस संदर्भ में पूर्व में कलेक्टर गौरव सिंह, आबकारी आयुक्त आबकारी मंत्री को ज्ञापन सौंपने के साथ ही रिंग रोड शराब दुकान के सामने धरना दिया जा चुका है। जिला आबकारी आयोग के कार्यालय का घेराव किया जा चुका है। शराब दुकानों और चखना सेंटर के कारण आसपास का पूरा वातावरण अशांत हो गया है। शराब दुकान से लगकर सोनकर पारा, आनंद नगर, ब्रह्मदेव कॉलोनी, दंतेश्वरी मंदिर, वॉलफोर्ट सिटी, आस्क सिटी, साहू पारा, बृज विहार कॉलोनी, स्वामी आत्मानंद स्कूल सहित दर्जनों कालोनियां और अन्य बस्तियों से गुजरते समय क्षेत्र की महिलाएं भयभीत रहती है। क्षेत्र में आए दिन मारपीट, गाली गलौच और चाकूबाजी की घटना आम बात हो गई है।
फाउंडेशन के अग्रवाल ने चेतावनी दी है कि नेशनल हाईवे के निर्णय अनुसार शराब दुकान तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया जाए। 10 दिन के भीतर निर्णय नहीं लिया गया तो क्षेत्र के नागरिकों के साथ चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।



