टीआरपी डेस्क। रालामंडल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन (26), कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल (25) एवं मानसंधु (26) शामिल हैं। कार सवार युवती अनुष्का राठी गंभीर रूप से घायल है तथा निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, ग्रे कलर की नेक्सन कार (एमपी13 जेडएस8994) में चारों सवार थे। प्रखर कार चला रहा था। प्रखर का जन्मदिन था तथा चारों कोको फार्म में पार्टी मनाकर इंदौर लौट रहे थे। नशे में होने के कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई। कार में शराब की बोतलें भी मिली हैं।
सभी इंदौर के निवासी हैं। प्रेरणा स्कीम नंबर 74 नर्मदा भवन के पास, प्रखर तिलक नगर, मानसंधु भंवरकुआं और अनुष्का रॉयल अमर ग्रीन की रहने वाली हैं। प्रेरणा ने मुंबई से एमबीए किया था और इंदौर में रहकर एमपीपीएससी की तैयारी कर रही थीं। मानसंधु के परिवार का ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है।
कांग्रेस नेता धर्मेंद्र गेंदर ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्चे घूमने गए थे और लौटते समय तेजाजी नगर के पहले हादसे का शिकार हो गए। शव एमवाई अस्पताल में रखे गए हैं। पूर्व मंत्री बाला बच्चन अस्पताल में मौजूद हैं। प्रेरणा का अंतिम संस्कार बड़वानी जिले के उनके गृह गांव कासेल में होगा। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने फेसबुक पर लिखा- कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक बाला बच्चन जी की सुपुत्री प्रेरणा बच्चन सहित तीन व्यक्तियों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु का समाचार अत्यंत वेदनापूर्ण है। सभी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल अनुष्का राठी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है। पीड़ा की इस घड़ी मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।




