टीआरपी डेस्क। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सुबह 11 बजे एक निजी होटल में आयोजित इंडिया राइस समिट में शिरकत करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे एक निजी होटल में आयोजित मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे, जहां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

मनरेगा में बदलाव और नाम हटाने के विरोध में कांग्रेस का अभियान, शनिवार से शुरू होगा मनरेगा बचाओ संग्राम

रायपुर। मनरेगा में प्रस्तावित बदलाव और योजना के नाम से महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा मनरेगा बचाओ संग्राम शनिवार से शुरू होगा। इसके तहत आज जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।

अभियान के तहत 11 जनवरी को जिला मुख्यालयों या प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, जैसे महात्मा गांधी अथवा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं के पास, पार्टी नेताओं, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और मनरेगा श्रमिकों की भागीदारी के साथ एक दिवसीय उपवास और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

12 से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में चौपालें और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तर पर मनरेगा बचाओ धरना आयोजित किया जाएगा।

See also  दुर्लभ पैंगोल‍िन का छत्तीसगढ़ में जमकर हो रहा है शिकार, 3 तस्करों से भारी मात्रा में पैंगोलिन के शल्क जब्त

पीसीसी के नेतृत्व में राज्य स्तर पर विधानसभाओं का घेराव भी किया जाएगा। वहीं अभियान के समापन के रूप में एआईसीसी द्वारा देशभर में चार प्रमुख क्षेत्रीय रैलियों का आयोजन किया जाएगा.

आज से शुरू होगा बस्तर पंडुम 2026, तीन चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं

बस्तर। बस्तर पंडुम 2026 का शुभारंभ शनिवार 10 जनवरी से होने जा रहा है। इस महोत्सव के तहत बस्तर संभाग के सभी जिलों में जनजातीय लोक कला की 12 विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

पहले चरण में 10 से 20 जनवरी तक जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके बाद दूसरे चरण में 24 से 29 जनवरी तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। अंतिम और सबसे भव्य चरण के रूप में 2 से 6 फरवरी तक जगदलपुर में संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इस आयोजन में बस्तर संभाग के मूल निवासी और जनजातीय लोक कला विधाओं में सक्रिय भूमिका निभाने वाले प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रत्येक चरण में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

See also  विश्व चैम्पियन टीम का हिस्सा रही छत्तीसगढ़ की आकांक्षा सत्यवंशी, टीम के लिए निभाई यह अहम भूमिका…

उल्लेखनीय है कि 2 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दंतेवाड़ा में बस्तर पंडुम 2026 के लोगो, थीम और गीत का विमोचन किया था। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को भी बस्तर पंडुम 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया था।

11 जनवरी से ब्लॉक स्तर पर ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ निकालेगी आम आदमी पार्टी

रायपुर। आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ को बचाने के उद्देश्य से 11 जनवरी से ब्लॉक स्तरीय ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ निकालने का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों के दौरान पार्टी की लगातार मैराथन बैठकें आयोजित की गईं। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक एवं सहप्रभारी मुकेश अहलावत के मार्गदर्शन में संगठनात्मक ढांचे को सशक्त करते हुए पूरे प्रदेश में 450 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।

उत्तम जायसवाल ने कहा कि इन ब्लॉक अध्यक्षों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की 11,664 ग्राम पंचायतों और 20,363 गांवों में ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ निकाली जाएगी। इस अभियान के जरिए आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता से सीधा संवाद स्थापित करेगी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

See also  भाजपा नेता की हत्या नक्सलियों ने की थी, ली जिम्मेदारी, पर्चा जारी कर लगाया आरोप

शनिवार को रायपुर सहित तीन स्थानों पर आधार नामांकन व सुधार के लिए विशेष शिविर

रायपुर। डाक विभाग द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को आधार नामांकन और सुधार कार्य हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर आंगनबाड़ी केंद्र इंदिरा चौक कटोरातालाब रायपुर, आंगनबाड़ी केंद्र-8 कसडोल तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल मगरलोड में लगाए जाएंगे।

इन शिविरों में उन नागरिकों को विशेष अवसर मिलेगा, जिन्हें आधार कार्ड में नई जानकारी जोड़ने, सुधार कराने या पहली बार नामांकन कराने में कठिनाई हो रही है। शिविर के दौरान नया आधार कार्ड बनाने के साथ-साथ पुराने आधार में नाम, जन्म तिथि, पता, फोटो, मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक अनलॉक सहित अन्य आवश्यक अपडेट किए जाएंगे।

डाक विभाग के अनुसार 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु के पश्चात आधार में बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है, जो 1 अक्टूबर 2025 तक निःशुल्क किया जा रहा है।

अपडेशन के लिए नागरिकों को पुराने आधार कार्ड के साथ जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पता प्रमाण पत्र, बिजली बिल, बैंक पासबुक एवं पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।