टीआरपी डेस्क.  आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, विराट कोहली की मौजूदगी वाली आरसीबी टीम ने अपने पारंपरिक घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईपीएल 2026 के लिए छोड़ने का मन बना लिया है। इसके स्थान पर फ्रेंचाइज़ी ने दो नए शहरों को होम ग्राउंड के तौर पर शॉर्टलिस्ट किया है।

बताया जा रहा है कि आईपीएल 2025 के बाद बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी, उसके  बाद यह फैसला लिया गया है। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई थीं। सूत्रों के मुताबिक, आरसीबी प्रबंधन और टीम के सीनियर खिलाड़ी इस घटना से मानसिक रूप से प्रभावित हैं और दोबारा उसी मैदान पर खेलने को लेकर सहज महसूस नहीं कर रहे हैं।

See also  IPL 2020 : सुपर ओवर में कोलकाता ने हैदराबाद को हराया, लॉकी फर्ग्युसन रहे जीत के हीरो

रिपोर्ट्स के अनुसार, आरसीबी ने आईपीएल 2026 के लिए रायपुर और इंदौर को नए होम वेन्यू के रूप में चुना है। इनमें रायपुर को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां टीम अपने अधिकांश घरेलू मुकाबले खेल सकती है, जबकि कुछ मैच इंदौर में आयोजित किए जा सकते हैं। इस तरह आरसीबी आईपीएल 2026 में दो होम वेन्यू मॉडल अपना सकती है।

हालांकि विराट कोहली की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि सीनियर खिलाड़ियों की सहमति से यह निर्णय लिया गया है। टीम का मानना है कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा अधिक महत्वपूर्ण है।

वहीं, कर्नाटक सरकार और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के संकेत दिए गए हैं, लेकिन आईपीएल 2026 के लिए फिलहाल आरसीबी का रुख स्पष्ट है और टीम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच नहीं खेलेगी।

यह फैसला बेंगलुरु के आरसीबी प्रशंसकों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। चिन्नास्वामी स्टेडियम वर्षों से आरसीबी की पहचान रहा है, जहां विराट कोहली की यादगार पारियां और दर्शकों का जोश आईपीएल इतिहास का अहम हिस्सा रहा है।

See also  विराट के आउट होने पर विवाद : अंपायर ने दिया LBW , पवेलियन पहुंचकर भड़के कोहली