टीआरपी डेस्क। हिमालय से आ रही ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ा दी है। सूरज ढलते ही अचानक तापमान गिरने का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। पिछले 28 दिनों में राज्य में ठंड से 3 मौतें हो चुकी हैं। कई शहरों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा है।

बलरामपुर के रामानुजगंज में पत्तों पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बनने लगी हैं। यहां रात का तापमान 1 से 2 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, खासकर मध्य भाग के लोगों के लिए कोई खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है, मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आज शीतलहर चल सकती है। विभाग ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, बेमेतरा और रायपुर इन 8 जिलों में शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। अगले दो दिनों तक इसमें कोई बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।

See also  बलौदाबाजार में अपनी ही पार्टी के बागी राकेश वर्मा से हारे कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी रज्जू खान,मतदान से पहले जमकर हुई मारपीट