टीआरपी डेस्क। राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पत्रकार कॉलोनी क्षेत्र के खरबस सर्किल के पास एक बेकाबू लग्जरी कार ने पैदल चल रहे लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई, इसके बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और करीब 30 मीटर तक सड़क किनारे लगे स्टॉलों और खाने-पीने के ठेलों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती चली गई। हादसे में कई खड़ी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक कार में चार लोग सवार थे और सभी कथित तौर पर नशे की हालत में थे। घटना के बाद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।
घायलों को तत्काल जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आठ लोगों को भर्ती किया गया। कुछ घायलों को निजी अस्पतालों में भेजा गया, जबकि कुछ प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के साथ घर लौट गए। बाद में घायलों में शामिल भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा की इलाज के दौरान मौत हो गई। चार गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।
घटना की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी गुरभूपिंदर सिंह ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। घायलों को तत्काल निजी वाहनों, पुलिस चेतक वैन और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खिम्सर ने जयपुरिया अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया।



