टीआरपी। Oxygen Zone : आठ वर्ष पूर्व खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों को शीघ्र क्रिस्टल आर्केड के सामने व्यवस्थापन मिलेगा। यह निर्णय एमआईसी में लिया गया। एमआईसी में संकल्प पारित होने पर प्रभावित दुकानदारों ने महापौर मीनल चौबे से मिलकर आभार जताया।
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में ऑक्सीजोन का निर्माण किए जाने के लिए लगभग 8 वर्ष पूर्व खालसा स्कूल के सामने स्थित 69 दुकानदारों को हटा दिया गया था। दुकानदारों ने इसके लिए धरना-प्रदर्शन भी किया था। खमतराई रेलवे ब्रिज के नीचे जगह देने की योजना भी बनीं थीं। दुकानदार वहां जाने को राजी नहीं थे। दुकानदारों की मांग थी कि शहर के भीतर अच्छी लोकेशन पर दुकानों को विस्थापित किया जाए। अब, क्रिस्टल आर्केड के सामने शीघ्र व्यवस्थापन दिए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे दुकानदारों के चेहरों पर मुस्कान लौटी है।
महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में एमआईसी ने इसे लेकर संकल्प पारित किया है, जिससे प्रसन्न होकर प्रभावित दुकानदारों ने नगर निगम मुख्यालय भवन पहुंचकर महापौर को गुलदस्ता भेंटकर स्वगात किया। महापौर से मिलने वालों में प्रभावित दुकानदारों में उमेश नामदेव, परेश चौहान सहित पूर्व पार्षद दिलीप किरण सारथी, अनिरुद्ध दुबे आदि उपस्थित रहे।


