टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश के इंदौर में कनाड़िया थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में भोपाल के कोहेफिजा निवासी अबान शकील सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार अबान शकील एक स्कूल का प्रिंसिपल है और लग्जरी लाइफस्टाइल के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी में भी संलिप्त था। वह थार वाहन से ड्रग्स की सप्लाई करता था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस ने 12 जनवरी 2026 को अबान शकील को 5.15 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने वैभव उर्फ अरुण उर्फ बाबा शर्मा का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने डीपीएस स्कूल बायपास के पास खड़ी बिना नंबर की इको स्पोर्ट कार की जांच की। पुलिस को देखते ही चालक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान वैभव उर्फ बाबा शर्मा निवासी महालक्ष्मी नगर, इंदौर के रूप में हुई।

See also  प्रदेश में जिओ स्पेशियल टेक्नोलॉजी को प्रोत्साहित करने के लिए गतिविधियां की जाएंगी संचालित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कार की तलाशी के दौरान वैभव के साथ मौजूद दो युवतियों, रिशु झा उर्फ नेहा और अलीशा मसीह उर्फ जैनी, के पास से भी एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इवेंट कंपनी के नाम पर बड़ी पार्टियों का आयोजन करते थे और बार व क्लबों में ऊंचे दामों पर ड्रग्स की सप्लाई करते थे। पुलिस जांच से बचने और युवाओं तक आसानी से पहुंच बनाने के लिए गिरोह में युवतियों को शामिल किया गया था।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों के तार गोवा सहित अन्य राज्यों के पब, बार और क्लबों से जुड़े पाए गए हैं। इंदौर के कई क्लबों में ड्रग्स सप्लाई को लेकर पुलिस की जांच जारी है। चारों आरोपियों के खिलाफ थाना कनाड़िया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

15.95 ग्राम एमडी ड्रग्स और कार जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 15.95 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक थार और एक इको स्पोर्ट कार जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर ड्रग्स सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। इंदौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस को दें। नशा मुक्त समाज के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

See also  Dhar Bhojshala Case: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, भोजशाला को माना वाग्देवी मंदिर