जांजगीर–चांपा। सक्ती जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक जनप्रतिनिधि ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तकनीक के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

नगर पंचायत अड़भार के सांसद प्रतिनिधि संतोष राठौर ने थाना प्रभारी, सक्ती को एक लिखित शिकायत सौंपी है। इसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा उनकी आवाज को AI तकनीक के माध्यम से तोड़-मरोड़ कर, दो वर्ष पुराने वीडियो फुटेज को एडिट कर नया वीडियो बनाया गया है। इस कथित फर्जी वीडियो और ऑडियो को सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुप और स्टेटस के माध्यम से सार्वजनिक रूप से वायरल किया जा रहा है, जिससे उनकी व्यक्तिगत छवि के साथ-साथ उनके व्यापारिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंच रहा है।

तहसीलदार की घूसखोरी की शिकायत की थी…

शिकायतकर्ता संतोष राठौर का आरोप है कि यह पूरा कृत्य जानबूझकर किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में उनके द्वारा तहसीलदार, अड़भार के खिलाफ घूसखोरी को लेकर सीबीआई जांच की मांग की गई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने कलेक्टर से की थी। इसी कार्रवाई से घबराकर संबंधित व्यक्ति अब AI तकनीक का सहारा लेकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।

See also  चिकित्सा शिक्षा विभाग में 125 सहायक प्राध्यापक के पदों पर होगी सीधी भर्ती

पीड़ित ने पुलिस से मामले को गंभीरता को लेते हुए दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में लगी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस AI के दुरुपयोग और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे फर्जी कंटेंट के मामले में क्या कार्रवाई करती है।