टीआरपी डेस्क। दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद और गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित घर में 5.40 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि चोरी की वारदात को उनके पूर्व कर्मचारी ने ही अंजाम दिया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह मामला मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित शास्त्रीनगर इलाके का है। शास्त्रीनगर में सुंदरबन अपार्टमेंट में स्थित मनोज तिवारी के फ्लैट से नगदी की चोरी हुई। इस संबंध में मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंदर पांडेय ने अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरेंद्रकुमार करीब दो साल पहले मनोज तिवारी के यहां से नौकरी से हटाया गया था। शिकायतकर्ता प्रमोद पांडेय पिछले 20 सालों से मनोज तिवारी के मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि मनोज तिवारी के कमरे से कुल 5.40 लाख रुपये नगदी चोरी हुए, जिनमें से जून 2025 में 4.40 लाख रुपये पहले ही गायब हो चुके थे, लेकिन उस समय आरोपी का पता नहीं चल सका था।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए दिसंबर 2025 में घर के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सीसीटीवी फुटेज में पूर्व कर्मचारी सुरेंद्रकुमार चोरी करते हुए दिखाई दिया। फुटेज में सामने आया कि आरोपी के पास घर, बेडरूम और अलमारी खोलने की नकली चाबियां थीं, जिनकी मदद से वह आसानी से घर में प्रवेश करता था।
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।



