टीआरपी। surrounded the Home Minister’s residence : लगभग 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्ड (CAF) में आवेदन करने वाले 417 प्रतिभागी वेटिंग लिस्ट में शामिल हैं। ये सभी प्रतिभागी अपनी नियुक्ति के इंतजार में है। लेकिन, वेटिंग लिस्ट के इन प्रतिभागियों को अब तक नौकरी नहीं मिली है। नौकरी देने की मांग को लेकर मंगलवार को (CAF) प्रतिभागियों ने गृह मंत्री विजय शर्मा के निवास का घेराव किया। इस दौरान पुलिस और नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे आवेदकों के बीच झड़प भी हुई।
गौरतलब है कि 2018 में 1786 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इनमें लगभग 417 प्रतिभागी वेटिंग लिस्ट में थे। 7 वर्ष व्यतीत हो जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर प्रतिभागी पिछले एक महीने से नवा रायपुर तूता स्थित धरना स्थल पर बैठे हुए हैं। प्रतिभागियों का कहना है कि (CAF)में तीन हजार से अधिक पद रिक्त हैं। इससे पूर्व भी नौकरी के लिए प्रतीक्षारत युवा दो बार गृह मंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक नौकरी नहीं मिली है।


