टीआरपी डेस्क। Raipur Auto Expo : रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) के ऑटो एक्सपो 2026 की गाड़ियों से ज्यादा चर्चा पोस्टर की हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि यह ऑटो एक्सपो है या ‘नो-एंट्री लिस्ट’ का नया संस्करण, क्योंकि राजधानी रायपुर के चारों विधायक, सांसद और महापौर पोस्टर से ऐसे गायब हैं जैसे उनका राजधानी से कोई लेना-देना ही न हो।
20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक श्री राम बिजनेस पार्क, विधानसभा रोड रायपुर में होने वाले इस आयोजन के पोस्टर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से लेकर दो उपमुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और वित्त मंत्री तक पूरे राज्य का प्रतिनिधित्व नजर आ रहा है। बस अगर कुछ नहीं दिख रहा है, तो वह हैं रायपुर के अपने जनप्रतिनिधि। राजधानी जरूर रायपुर है, लेकिन पोस्टर देखकर लगता है कि यहां का प्रतिनिधित्व कहीं और शिफ्ट कर दिया गया है।

सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लोग कह रहे हैं कि क्या राजधानी में आयोजन करने के लिए राजधानी के प्रतिनिधियों की जरूरत नहीं होती, या फिर यह कोई नया ट्रेंड है जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ‘ऑप्शनल एक्सेसरी’ मान लिया गया है।
वहीं कुछ लोग इसे साधारण चूक बताने की कोशिश कर रहे हैं और तर्क दे रहे हैं कि यह पूरी तरह व्यावसायिक आयोजन है, इसलिए केवल बड़े नामों को जगह दी गई। लेकिन सवाल यही है कि जब रायपुर में एक्सपो है, तो रायपुर के प्रतिनिधि पोस्टर में भी फिट क्यों नहीं बैठे?
फिलहाल RADA या आयोजकों की ओर से कोई सफाई नहीं आई है। लेकिन पोस्टर ने यह जरूर साबित कर दिया है कि ऑटो एक्सपो में टैक्स आधा हो या न हो, राजनीतिक चर्चा पूरी हो चुकी है। अब देखना यह है कि आयोजक इसे ‘डिजाइन की गलती’ बताएंगे या फिर इसे भी एक नई परंपरा मान लिया जाएगा। या फिर क्लोजिंग सेरेमनी में आपदा प्रबंधन किया जाएगा।


