:
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पदभार ग्रहण करते ही कानून-व्यवस्था पर सख्ती शुरू कर दी है। उन्होंने चालान के नाम पर वाहन चालकों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए हैं।
शनिवार रात सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में डॉ. शुक्ला ने शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर सहित सभी डिप्टी पुलिस कमिश्नर, अतिरिक्त डीसीपी, सहायक पुलिस कमिश्नर और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में कमिश्नर ने अधिकारियों से परिचय लिया और रायपुर कमिश्नरेट की कार्ययोजना साझा की। उन्होंने शहर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर जोर देते हुए विजिबल पुलिसिंग, पैदल गश्त और रात्रि पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना तभी मजबूत होगी, जब पुलिस हर क्षेत्र में सक्रिय रूप से दिखाई दे।
उन्होंने चाकूबाजी, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर सख्त नियंत्रण के निर्देश देते हुए गुंडा और निगरानी बदमाशों पर कड़ी नजर रखने को कहा। प्रतिबंधित नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस अपनाने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया कि चाकूबाजी की छोटी घटना पर भी कड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
कमिश्नर ने बिना अनुमति रैली, धरना और किसी भी सामूहिक आयोजन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। अब रायपुर कमिश्नरी क्षेत्र में ऐसे आयोजनों के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। इसके अलावा निर्धारित समय के बाद बार, कैफे और रेस्टोरेंट बंद कराना भी सख्ती से सुनिश्चित करने को कहा गया है।



