रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने धान खरीदी की अवधि को दो दिन और 5 से 6 फरवरी तक बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी को लेकर हुई समीक्षा बैठक के बाद यह बड़ा बयान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि कई किसान टोकन कटने के बावजूद धान नहीं बेच पाए, वहीं कुछ किसानों का तकनीकी कारणों से टोकन ही नहीं कट सका था। ऐसे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने धान खरीदी की अवधि दो दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और एक भी किसान का धान बिना बिके न रहे, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अतिरिक्त दिनों में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाए।

See also  दीपावली से पहले राजनांदगांव में EOW और ACB की धमक, इस सर्राफा कारोबारी के घर दी दबिश