टीआरपी डेस्क। क्रिकेट की दुनिया में एक बार फिर नियमों का बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। दरअसल MCC (मेरिलबोन क्रिकेट क्लब) ने खेल के 73 नियमों में संशोधन किया है। ये सभी नए नियम 1 अक्टूबर, 2026 से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में प्रभावी रूप से लागू हो जाएंगे।
टेस्ट क्रिकेट और बैट के नियमों में बड़ा सुधार
अब तक टेस्ट क्रिकेट में यदि दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरता था, तो खेल समाप्त मान लिया जाता था। लेकिन नए बदलाव के अनुसार, अब समय बचाने के बजाय खेल का रोमांच बनाए रखने के लिए विकेट गिरने के बाद भी नया बल्लेबाज मैदान पर उतरेगा और ओवर पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, दो या तीन लकड़ी के टुकड़ों को जोड़कर बने लेमिनेटेड बैट को भी सशर्त अनुमति मिल गई है, जो सिंगल पीस लकड़ी के मुकाबले काफी सस्ते होते हैं।
ओवरथ्रो और डेडबॉल के नियमों में भी बदलाव
अंपायरों के बीच भ्रम दूर करने के लिए ओवरथ्रो और मिस्फील्ड के अंतर को स्पष्ट किया गया है। अब विकेट की ओर फेंकी गई गेंद के आगे निकलने पर ही उसे ओवरथ्रो माना जाएगा। साथ ही, डेडबॉल घोषित करने का अधिकार अब पूरी तरह अंपायर के विवेक पर होगा, भले ही गेंद फील्डर के हाथ में न हो। हिट विकेट के मामले में भी यह साफ किया गया है कि यदि बल्लेबाज शॉट खेलते समय स्टंप्स पर बैट गिराता है तभी वह आउट होगा। प्रतिद्वंद्वी से टकराकर गिरने पर नहीं।



