कोरबा। एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के दौरान कतिपय लोगों द्वारा फॉर्म 7 का दुरूपयोग किये जाने को लेकर उत्पन्न विवाद फिलहाल सुलझ गया है। इस संबंध में आज रविवार को दोपहर 3 बजे तहसील कार्यालय, कोरबा में प्रशासन एवं सुन्नी मुस्लिम जमात, कोरबा के पदाधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से मतदाता सूची में नाम विलोपित किए जाने के मुद्दे पर चर्चा हुई।

क्या है मामला..?

दरअसल पिछले दिनों जिला निर्वाचन कार्यालय से कोरबा विधानसभा के 1566 मतदाताओं की सूची प्रकाशित की गई थी, जिनके बारे में बताया गया कि इनके नाम पर फॉर्म 7 भरकर जमा किया गया है, और दावा किया गया है कि ये सभी अपने पते पर नहीं रहते हैं, अतः इनके बारे में जांच करके सभी नाम मतदाता सूची से विलोपित किया जाये। बता दें कि इनमें लगभग 98% नाम मुस्लिम मतदाताओं के हैं।

इधर सुन्नी मुस्लिम जमात ने दावा किया कि संबंधित सूची में जितने भी नाम मुस्लिम मतदाताओं के हैं, वे सभी अपने मूल पते पर ही रह रहे हैं। कतिपय शरारती और सांप्रदायिक भेदभाव पैदा करने वाले लोगों द्वारा एक साजिश के तहत इन सभी लोगों के नाम कटवाने की रणनीति बनाकर फॉर्म 7 जमा किये गए, ताकि यह सभी मताधिकार से वंचित हो जाएं। इसका मुस्लिम सस्माज ने जमकर विरोध किया, साथ ही यह तय किया गया कि संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर 9 फरवरी को कोरबा में मौन जुलूस निकाला जाये।

See also  IFS BREAKING : प्रदेश के इन IFS अफसरों की निकली तबादला सूची : देखें आदेश…

इस जुलूस के संदर्भ में प्रशासन द्वारा आयोजित बैठक के दौरान एसडीएम द्वारा संबंधित सूची प्रस्तुत की गई, जिसमें स्पष्ट किया गया कि किसी भी व्यक्ति का नाम विलोपित सूची में नहीं है तथा पूर्व में दर्ज सभी नाम विलोपित सूची से हटा दिए गए हैं। एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे ने बताया कि केवल 4 मतदाताओं के नाम विलोपित किये गए हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने मौके पर सभी के नाम भी बताये।

मुस्लिम जमात ने स्थगित किया जुलूस

प्रशासन द्वारा मुस्लिम समाज की सभी मांगों को स्वीकार कर समाधान का भरोसा दिया गया है। प्रशासन से हुई चर्चा के बाद सुन्नी मुस्लिम जमात कोरबा ने प्रस्तावित मौन जुलूस को स्थगित करने की घोषणा की।

इस बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कोरबा सरोज महिलांगे, तहसीलदार बजरंग साहू, एडिशनल एसपी नीतीश कुमार ठाकुर, एडिशनल एसपी प्रतीक चतुर्वेदी, रामपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल, अजय सोनवानी, अजय सिंह परिहार, इमरान खान सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सुन्नी मुस्लिम जमात की ओर से सदर हाजी अखलाख खान असरफी, जनरल सेक्रेटरी जुम्मन खान रिजवी, कार्यकावाहक अध्यक्ष मो.हकीम खान, मेमन जमात के सदर अमीन शेखानी, सुन्नी मुस्लिम जमात के प्रवक्ता मकसूद आलम, तौफीक खान, सरवर हुसैन खान, शेख मंसूर, अशरफ अली, रिजवान खान समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और दोनों पक्षों ने आपसी संवाद के माध्यम से समाधान पर संतोष व्यक्त किया।

See also  हाथियों का खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा, शिक्षक को बेरहमी से कुचलकर मार डाला