रायपुर। मंदिर हसौद के दौरे पर निकले कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला के सामने एक पान ठेले पर तंबाकू बिकते पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ठेले को सील करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के आसपास प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री ना हो।
सड़क पर निर्माण सामग्री रखने पर जुर्माना
कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद मार्ग पर सड़क पर मकान निर्माण सामग्री रखे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्वयं वाहन से उतरकर मौके पर निर्माण सामग्री जब्ती कराई और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर यातायात एवं नागरिक सुविधा में बाधा बनने वाली गतिविधियों पर सख्ती बरतने को कहा।

कलेक्टर डॉ सिंह ने अमृत मिशन योजना के तहत निर्मित पानी टंकी का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका को जारी किया नोटिस
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने आरंग दौरे के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र 06 मंदिर हसौद का निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने स्वयं किचन में पहुंचकर गैस सिलेंडर, बर्तन एवं खाद्य सामग्री को देखा व बाथरूम एवं कक्षाओं की साफ सफाई में अनियमितता पाया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर ने एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया कि निरीक्षण के दौरान कार्यकर्ता को अनुपस्थित पाया गया एवं आंगनबाड़ी सहायिका को साफ सफाई का अभाव पाए जाने पर दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 2 दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।



