टीआरपी डेस्क। आज के दौर में आधार कार्ड (Aadhaar Card) सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि हर नागरिक की डिजिटल पहचान है। बैंक खाता खुलवाना हो या सरकारी योजनाओं का लाभ लेना, इसके बिना सब अधूरा है। लेकिन क्या हो अगर आपका आधार कार्ड खो जाए, आपको अपना आधार नंबर भी याद न हो और सबसे बड़ी समस्या आपका मोबाइल नंबर भी आधार से लिंक न हो? ऐसी स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान प्रक्रियाओं का पालन कर अपना आधार दोबारा प्राप्त कर सकते हैं।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई ऐसे नागरिक हैं जिनका मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है या उन्होंने नंबर बदल लिया है। ऐसे में आधार खो जाने पर उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। यह जानकारी उन लोगों के लिए बेहद मददगार है जो तकनीकी रूप से ज्यादा अपडेट नहीं हैं या जिनका डेटा मोबाइल से नहीं जुड़ा है।
स्थिति 1: जब मोबाइल नंबर लिंक ‘नहीं’ है
अगर आपका मोबाइल नंबर लिंक नहीं है और आधार नंबर भी याद नहीं है, तो आप इसे ऑनलाइन डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। इसके लिए आपको ऑफलाइन प्रक्रिया अपनानी होगी:
एनरोलमेंट सेंटर जाएं: आपको अपने नजदीकी आधार नामांकन केंद्र (Aadhaar Enrollment Center) जाना होगा।
EID का उपयोग: वहां आपको वह 28 अंकों वाला एनरोलमेंट आईडी (EID) नंबर देना होगा, जो आधार बनवाते समय मिली रसीद पर दर्ज था।
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन: सेंटर का कर्मचारी आपके फिंगरप्रिंट या आइरिस (आंखों) का स्कैन कर आपकी पहचान सत्यापित करेगा।
ई-आधार: वेरिफिकेशन सफल होने पर आपको ई-आधार (e-Aadhaar) मिल जाएगा। इसके लिए मात्र 30 रुपये की फीस देनी होगी।
स्थिति 2: जब मोबाइल नंबर लिंक ‘है’
अगर आपका मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है, तो आप घर बैठे ही मुफ्त में अपना आधार नंबर प्राप्त कर सकते हैं:
स्टेप 1: UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट (uidai.gov.in) पर जाएं।
स्टेप 2: ‘My Aadhaar’ सेक्शन में ‘Retrieve Lost or Forgotten UID/EID’ पर क्लिक करें।
स्टेप 3: अपना नाम, जन्म तिथि और लिंक मोबाइल नंबर/ईमेल दर्ज करें।
स्टेप 4: आपके मोबाइल पर एक OTP आएगा, जिसे दर्ज करते ही आपका आधार नंबर आपके फोन पर भेज दिया जाएगा।
स्टेप 5: अब इस नंबर का उपयोग कर आप पोर्टल से अपना आधार डाउनलोड कर सकते हैं।



