रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है, जिससे गर्मी का प्रभाव बढ़ेगा। हालांकि, अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी सारांश के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में अति हल्की वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वर्तमान में एक सिनोप्टिक सिस्टम उत्तर-पश्चिमी तमिलनाडु से मध्य महाराष्ट्र तक बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो 2 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 1 मार्च से एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की स्थिति बन रही है। आगामी एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, वहीं न्यूनतम तापमान में शुरुआती दो दिनों की गिरावट के बाद फिर से वृद्धि दर्ज की जाएगी।
राजधानी रायपुर में 26 फरवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहाँ अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है।


