बिलासपुर। रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच जिंदगियां छीन लीं। शादी की सालगिरह मनाने निकला परिवार खुशियों के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस लौटने से पहले ही तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक तखतपुर और मुंगेली क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी लोग रात में यादव ढाबा पर सालगिरह मनाने पहुंचे थे। लौटते वक्त यह भीषण हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिलासपुर-रायपुर रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर ने सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है — आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इसकी वजह हो सकती है।
परिवारों में छाया मातम
शादी की सालगिरह की खुशियां कुछ ही घंटों में चीख-पुकार में बदल गईं। घटना की खबर मिलते ही तखतपुर और मुंगेली क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिजन बिलासपुर पहुंच रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों के नाम:
1. प्रकाश राठे (36 वर्ष, पुरुष)
पता: ग्राम कल्का, थाना सकरी
लाया गया: 27/02/26, 3:50 AM
एमएलसी नंबर: 1442
स्थिति: इलाज के दौरान मृत्यु (CIS ward में)
2. विशाल साहू (23 वर्ष, पुरुष)
पिता: राजकुमार साहू
पता: बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
लाया गया: 27/02/26, 5:10 AM
एमएलसी नंबर: 1443
स्थिति: ब्रॉट डेड (मॉर्च्युरी)
3. अमन साहू (15 वर्ष, पुरुष)
पिता: संजय साहू
पता: बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
लाया गया: 27/02/26, 5:10 AM
एमएलसी नंबर: 1444
स्थिति: ब्रॉट डेड (मॉर्च्युरी)
4. देवेंद्र मिश्रा (34 वर्ष, पुरुष)
पिता: राजेंद्र मिश्रा
पता: सेपत खोरजिती, थाना सीपत
लाया गया: 27/02/26, 5:10 AM
एमएलसी नंबर: 1445
स्थिति: ब्रॉट डेड (मॉर्च्युरी)
5. छत्रपाल राठे (37 वर्ष, पुरुष)
पिता: बलराम राठे
पता: करायझार, थाना तखतपुर
लाया गया: 27/02/26, 5:10 AM
एमएलसी नंबर: 1446
स्थिति: ब्रॉट डेड (मॉर्च्युरी)



