Ranveer Singh in Dhurandhar 2 Movie Poster

मुंबई/रायपुर। बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ को लेकर देशभर में दीवानगी सातवें आसमान पर है। बीते दिनों रिलीज हुए इसके धांसू ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर पहले ही गदर मचा दिया है, लेकिन अब खबर इसकी टिकटों को लेकर आ रही है। मेकर्स ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाने के लिए एक तगड़ी मास्टर स्ट्रैटजी अपनाई है, जिसका असर सीधा दर्शकों की जेब पर पड़ रहा है।

18 मार्च को ‘पेड प्रीव्यू’ का धमाका

बता दें कि फिल्म वैसे तो 19 मार्च (बुधवार) को देशभर के सिनेमाघरों में बड़े स्तर पर रिलीज होगी, लेकिन फैंस की बेताबी को देखते हुए मेकर्स ने 18 मार्च की शाम 5 बजे से ही ‘पेड प्रीव्यू’ (Paid Preview) शो चलाने का फैसला किया है। यानी जो लोग फिल्म को रिलीज से एक दिन पहले देखना चाहते हैं, वे इन स्पेशल शो का हिस्सा बन सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि इन प्रीव्यू शो के लिए टिकटों की मारामारी इस कदर है कि कीमतें सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे।

See also  नेटफ्लिक्स-जोमैटो और ब्लिंकिट के बीच होर्डिंग वॉर, OTT कंपनी का जवाब- हम आपके हैं कॉर्न

मुंबई-दिल्ली में आसमान छू रहे दाम

दरअसल, बड़े शहरों के मल्टीप्लेक्स में टिकटों के दाम 600 रुपये से शुरू होकर हजारों तक जा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुंबई के बोरीवली स्थित INOX मेगाप्लेक्स में प्रीमियम रिक्लाइनर सीटों की कीमत 3100 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, दिल्ली के PVR सेलेक्ट सिटी वॉक में एक टिकट के लिए 2400 रुपये वसूले जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी महंगी टिकटों के बावजूद प्रीव्यू शो के ज्यादातर टिकट बुक हो चुके हैं और कई जगह तो ‘हाउसफुल’ के बोर्ड लग गए हैं।

क्यों है इतनी महंगी टिकट?

फिल्म के प्रति इस दीवानगी की बड़ी वजह है रणवीर सिंह का ‘जसकीरत सिंह रंगी’ और ‘हमजा’ वाला खतरनाक अवतार। फिल्म में संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आने वाले हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल है, जिसने पिछले साल बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। प्रीमियम लग्जरी स्क्रीन और IMAX फॉर्मेट की भारी डिमांड की वजह से कीमतें इतनी ज्यादा रखी गई हैं।

See also  इस दिन रिलीज होगा आदिपुरष का ट्रेलर, न्यूयॉर्क के 'ट्रिबेका फिल्म फेस्टिवल' में होगा फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर

प्रशासन और सिनेमाघरों की तैयारी

बता दें कि रायपुर के मैग्नेटो और अंबुजा मॉल जैसे प्रमुख सिनेमाघरों में भी ‘धुरंधर 2’ के लिए एडवांस बुकिंग शुरू करने की तैयारी है। फिल्म के लंबे रनटाइम (लगभग 3 घंटे 55 मिनट) को देखते हुए सिनेमाघर संचालकों ने शो की टाइमिंग को लेकर खास प्लानिंग की है। 19 मार्च को गुड़ी पड़वा और ईद के मौके पर फिल्म की वाइड रिलीज से बॉक्स ऑफिस पर सुनामी आने की पूरी उम्मीद है।