Arun Sao Statement: प्रदेश में गैस सिलेंडरों के लिए एजेंसियों पर लगी लंबी कतारों और मचा हड़कंप को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने चुप्पी तोड़ी है। शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने साफ किया कि राज्य में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जनता से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर माहौल खराब कर रहे हैं।

कालाबाजारियों को नहीं बख्शेंगे

डिप्टी सीएम अरुण साव ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा कि सरकार स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग गैस की किल्लत की झूठी खबरें फैलाकर लोगों को डरा रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई कालाबाजारी करते हुए पकड़ा गया, तो सरकार उसे कतई नहीं छोड़ेगी।

कांग्रेस पर साधा निशाना, अफीम से लेकर गौठान तक लूटा

वहीं, अफीम की खेती और कांग्रेस के विधानसभा घेराव को लेकर साव ने पुरानी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अफीम की खेती कांग्रेस के शासनकाल में ही शुरू हुई थी और उसी के संरक्षण में नशे का कारोबार फला-फूला। उन्होंने दो टूक कहा कि मुखबिर की सूचना पर सरकार ने जो कार्रवाई की है, वह बताती है कि हम अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे राज्य में सर्वे के आदेश दिए हैं। जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां सख्त एक्शन होगा। कांग्रेस इस पर राजनीति करना बंद करे।

See also  बंगाल का संग्राम शुरू: पहले चरण की 152 सीटों पर वोटिंग, सुवेंदु अधिकारी का बड़ा बयान- जो शांति तोड़ेगा, उसे तोड़ देंगे

गौधाम योजना से बदलेगी तस्वीर

प्रदेश में शुरू होने जा रही गौधाम योजना को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने गौठान के नाम पर जनता का पैसा लूटा था, उनकी नियत में गौ-सेवा थी ही नहीं। साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 1460 गौधाम बनाने का लक्ष्य है, जिनमें से 26 को मंजूरी मिल चुकी है। इसमें चरवाहों को मानदेय देने से लेकर पशुओं के चारे तक की पुख्ता व्यवस्था की गई है। उन्होंने इसे राज्य की एक गेम चेंजर योजना बताया है।