टीआरपी डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली का पालम इलाका आज बुधवार की सुबह चीख-पुकार से दहल उठा। यहाँ एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने कहर बरपाते हुए एक ही परिवार के 9 लोगों की जान ले ली। मरने वालों में 3 मासूम बच्चियां भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मंजर इतना खौफनाक था कि जान बचाने के लिए कुछ लोग इमारत की ऊपरी मंजिलों से नीचे कूद गए।
सुबह 7 बजे मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, पालम गांव थाना पुलिस को सुबह करीब 7:04 बजे आग लगने की पहली कॉल मिली थी। जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचतीं, आग पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले चुकी थी। करीब 30 दमकल गाड़ियों और 11 एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ BSES, एयरफोर्स पुलिस और NDRF की टीमों ने मोर्चा संभाला।
3 मासूमों की मौत से हर आंख नम
इस हादसे में सबसे ज्यादा दुखद पहलू बच्चों की मौत है। मरने वालों में 15 साल, 6 साल और 3 साल की तीन सगी बहनें शामिल हैं। धुएं और लपटों के बीच मासूमों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वहीं, 32 वर्षीय अनिल और एक 2 साल की बच्ची गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रेस्क्यू के लिए घंटों चला सर्च ऑपरेशन
दरअसल, इमारत की बनावट और संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को अंदर घुसने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तब अंदर से शवों को निकालने का काम शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोग अंदर ही फंस गए और दम घुटने व जलने से उनकी मौत हो गई।
जांच के घेरे में आग लगने की वजह
फिलहाल आग लगने के कारणों का सटीक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।



