Railway Ticket Cancellation Rules 2026: अगर आप भी अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। भारतीय रेलवे ने कन्फर्म टिकट कैंसिल करने और बोर्डिंग स्टेशन बदलने के नियमों में ऐतिहासिक बदलाव कर दिया है। दरअसल, यह सख्त कदम टिकटों की कालाबाजारी करने वाले दलालों पर लगाम कसने के लिए उठाया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साफ कर दिया है कि नए नियम 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 के बीच चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में लागू हो जाएंगे।
समय कम तो पैसा भी कम
बता दें कि नए नियमों के तहत अब रिफंड का पैसा (IRCTC Refund Policy New) इस बात पर तय होगा कि आप ट्रेन छूटने से कितने घंटे पहले टिकट कैंसिल कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि दलाल आखिरी वक्त पर टिकट कैंसिल कर मोटा रिफंड डकार जाते थे, जिस पर अब लगाम लगेगी।
कैंसिलेशन और रिफंड की नई लिस्ट (Railway Ticket Cancellation Rules)
- 72 घंटे पहले: अगर आप ट्रेन चलने से 3 दिन पहले टिकट कैंसिल करते हैं, तो आपको अधिकतम रिफंड मिलेगा (सिर्फ मामूली फिक्स चार्ज कटेगा)।
- 72 से 24 घंटे के बीच: इस दौरान टिकट कैंसिल करने पर किराए का 25 प्रतिशत काट लिया जाएगा।
- 24 से 8 घंटे के बीच: अगर आप एक दिन से लेकर 8 घंटे पहले तक मन बदलते हैं, तो सीधा 50 प्रतिशत किराया कटेगा।
- 8 घंटे से कम समय: अगर ट्रेन चलने में 8 घंटे से कम का समय बचा है, तो अब एक रुपया भी रिफंड नहीं मिलेगा।
बोर्डिंग स्टेशन बदलने में मिली आजादी
गौरतलब है कि रेलवे ने जहां रिफंड में सख्ती दिखाई है, वहीं यात्रियों को एक बड़ी सुविधा भी दी है। दरअसल, अब आप ट्रेन के निर्धारित समय से महज 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल (Boarding Station Change Rule) सकेंगे। रायपुर और बिलासपुर जैसे शहरों के यात्रियों को इससे बड़ा फायदा होगा, जहां पास-पास कई स्टेशन होते हैं। पहले यह सुविधा सिर्फ चार्ट बनने तक ही सीमित थी, लेकिन अब आखिरी आधे घंटे तक आपके पास विकल्प रहेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अक्सर दलाल पहले से थोक में टिकट बुक कर लेते थे और ग्राहक न मिलने पर आखिरी वक्त में उन्हें कैंसिल कर देते थे। नए नियमों के बाद अगर वे आखिरी 8 घंटों में टिकट कैंसिल करेंगे, तो उन्हें भारी चपत लगेगी। इससे आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
रेलवे के इस फैसले का सीधा असर मिडिल क्लास यात्रियों पर पड़ेगा। अब यात्रियों को अपनी यात्रा को लेकर ज्यादा सतर्क रहना होगा, क्योंकि आखिरी वक्त पर प्लान बदलना जेब पर भारी पड़ सकता है। हालांकि, बोर्डिंग स्टेशन बदलने की 30 मिनट वाली सुविधा उन लोगों के लिए वरदान साबित होगी जो ट्रैफिक या किसी अन्य वजह से अपने तय स्टेशन तक नहीं पहुंच पाते और अगले स्टेशन से ट्रेन पकड़ना चाहते हैं।



