CG News: छत्तीसगढ़ में अगर आप सोशल मीडिया पर गैस सिलेंडर या पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर कोई भी मैसेज फॉरवर्ड कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और जो भी इस बारे में झूठ फैलाएगा, उस पर सीधा पुलिस केस होगा। दरअसल, नवा रायपुर स्थित साइबर मुख्यालय को अब हर एक मैसेज की निगरानी का जिम्मा सौंप दिया गया है।
3800 सिलेंडर जब्त, होटल-ढाबों पर छापेमारी
बता दें कि सरकार ने सिर्फ चेतावनी ही नहीं दी है, बल्कि ग्राउंड पर एक्शन भी शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेशभर के होटलों, ढाबों और व्यावसायिक ठिकानों पर छापेमारी कर 3800 से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि होटल संचालक धड़ल्ले से घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही थी।
अमेरिका-ईरान युद्ध का बहाना नहीं चलेगा
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का हवाला देकर ईंधन की किल्लत की झूठी खबरें फैला रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो-टूक कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। सीएम ने कलेक्टरों और एसपी को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी करने वालों को बिल्कुल न बख्शें।
शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर जारी
ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, अगर आपके पास गैस सप्लाई नियमित नहीं हो रही है या कोई आपसे अधिक पैसों की मांग कर रहा है, तो आप सरकार के नए टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर सीधी शिकायत कर सकते हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि अस्पतालों, रेलवे और छात्रावासों में गैस की सप्लाई किसी भी हाल में बाधित नहीं होनी चाहिए।
सरकार की इस सख्ती से उन लोगों को राहत मिलेगी जो अफवाहों के डर से भारी स्टॉक जमा करने की कोशिश कर रहे थे। पेट्रोल पंपों पर लगने वाली अनावश्यक भीड़ अब कम होगी। साथ ही, घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी रुकने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को समय पर सिलेंडर मिल सकेगा।



