टीआरपी डेस्क। देशभर में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह हफ्ता बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। विभिन्न सरकारी विभागों में 6 हजार से अधिक रिक्त पदों के लिए भर्ती नोटिफिकेशन जारी किए गए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार अंतिम तिथि से पहले इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यूपी कृषि विभाग में तकनीकी सहायकों की भर्ती
उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने तकनीकी सहायक ग्रुप सी के 2759 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 मई 2026 से शुरू होकर 11 जून 2026 तक चलेगी। आवेदन के लिए उम्मीदवारों के पास पीईटी 2025 का स्कोरकार्ड और संबंधित विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है। चयनित उम्मीदवारों को 25,500 से 81,100 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया पीईटी स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के माध्यम से पूरी होगी।
एसईसीएल में अप्रेंटिस के 1700 पदों पर अवसर
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने अप्रेंटिस के 1700 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया 17 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और 31 मार्च 2026 को समाप्त होगी। 10वीं, 11वीं या संबंधित क्षेत्र में डिग्री धारक इसके लिए पात्र हैं। चयन मेरिट के आधार पर होगा और चयनित उम्मीदवारों को 8 से 9 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलेगा।
यूपीएसएसएससी में एएसओ के 929 पदों पर भर्ती
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने एएसओ समेत अन्य 929 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। आवेदन 21 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक किए जा सकेंगे। इसके लिए पीईटी 2025 स्कोरकार्ड के साथ पीजी डिग्री और कंप्यूटर में ओ लेवल डिप्लोमा जरूरी है। चयनितों को 25,400 से 1,12,400 रुपये तक वेतन मिलेगा।
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग में 571 पद
एमपीएससी ने ग्रुप ए समेत विभिन्न 571 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदन प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से शुरू होकर 9 अप्रैल 2026 तक चलेगी। कानून (लॉ) या एमबीबीएस की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार इन पदों के लिए पात्र हैं। इसमें वेतनमान 44,900 से 2,11,900 रुपये तक निर्धारित किया गया है।



