टीआरपी डेस्क। CSK vs PBKS : आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) का विजय रथ पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है। शुक्रवार, 3 अप्रैल को चेपॉक के मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 210 रनों का लक्ष्य पीछा करते हुए पटखनी देने के बाद पंजाब ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। लेकिन इस शानदार जीत के साथ ही कप्तान श्रेयस अय्यर और उनकी टीम के लिए बुरी खबर आई है। धीमी ओवर गति (Slow Over Rate) के कारण बीसीसीआई ने कप्तान पर भारी जुर्माना ठोक दिया है।
अय्यर को 2 मैच में 36 लाख की चपत
दरअसल, चेन्नई के खिलाफ मैच में तय समय सीमा में ओवर पूरे न कर पाने की वजह से श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगा है। गौरतलब है कि यह इस सीजन में अय्यर का दूसरा उल्लंघन था। इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले मैच में भी उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा था। यानी महज दो मैचों के भीतर कप्तान को 36 लाख रुपये का निजी नुकसान उठाना पड़ा है।
बता दें कि इस बार आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट (आर्टिकल 2.22) की मार सिर्फ कप्तान पर नहीं, बल्कि पूरी प्लेइंग-12 पर पड़ी है। नियमों के मुताबिक, सीजन में दूसरी बार यह गलती होने पर टीम के अन्य खिलाड़ियों पर भी जुर्माना लगता है। प्लेयर ऑफ द मैच रहे प्रियांश आर्या समेत टीम के अन्य 11 खिलाड़ियों पर 6 लाख रुपये या मैच फीस का 25% (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया गया है।
प्रियांश की पारी पर भारी पड़ा फाइन
प्रियांश आर्या ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से चेन्नई के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए थे, लेकिन जीत के हीरो को भी अपनी कमाई का एक हिस्सा बीसीसीआई के खाते में देना होगा।
क्या कहता है नियम?
गौरतलब है कि आईपीएल के नियमों के तहत, तीसरी बार स्लो ओवर रेट की गलती होने पर कप्तान पर 30 लाख रुपये का जुर्माना और एक मैच का प्रतिबंध (Ban) लग सकता है। ऐसे में श्रेयस अय्यर को अगले मैचों में काफी सतर्क रहना होगा, अन्यथा पंजाब किंग्स को अपने कप्तान के बिना मैदान पर उतरना पड़ सकता है।


