टीआरपी डेस्क। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा द्वारा एफआईआर (FIR) दर्ज कराए जाने के महज 24 घंटे के भीतर असम पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंच गई है। बता दें कि पुलिस की यह टीम पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर दबिश देने पहुंची है, जहां दिल्ली पुलिस के जवान भी उनकी मदद कर रहे हैं।

मामला क्या है?


दरअसल, यह पूरा विवाद रविवार को शुरू हुआ जब पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। खेड़ा का दावा है कि रिनिकी सरमा के पास यूएई, मिस्र और एंटीगुआ जैसे देशों के वैध पासपोर्ट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दुबई और अमेरिका के व्योमिंग में उनकी अरबों डॉलर की प्रॉपर्टी और कंपनियां हैं, जिनका जिक्र सीएम ने अपने चुनावी हलफनामे में नहीं किया है। खेड़ा ने पूछा कि क्या रिनिकी के पास भारतीय नागरिकता है? क्योंकि भारत का कानून दोहरी नागरिकता की इजाजत नहीं देता।

See also  दिल्ली: सीआरपीएफ हेडक्वार्टर का एक स्टाफ कोरोना पॉजिटिव, मुख्यालय सील, पूरी बिल्डिंग सैनिटाइज किया जाएगा

हिमंता का पलटवार: हताशा में है कांग्रेस

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है। सीएम ने साफ कहा कि उनकी पत्नी इन मनगढ़ंत आरोपों के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगी। सरमा का कहना है कि असम में कांग्रेस का जनाधार खिसक रहा है, इसलिए वे बौखलाहट में इस तरह के बेबुनियाद हमले कर रहे हैं।

दिल्ली में क्या हो रहा है?

असम पुलिस के अधिकारी जब पवन खेड़ा के घर पहुंचे, तो पता चला कि वे अपने आवास पर मौजूद नहीं हैं। गौरतलब है कि नियम के मुताबिक, जब एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में कार्रवाई के लिए जाती है, तो स्थानीय पुलिस को सूचना देनी होती है। असम पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया है और फिलहाल खेड़ा की तलाश जारी है।

पवन खेड़ा के दावों का आधार

बता दें कि पवन खेड़ा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ दस्तावेज पेश किए थे, जो उन्हें कथित तौर पर विदेश में मौजूद उनके साथियों से मिले थे। उन्होंने दावा किया कि रिनिकी सरमा होटल इंडस्ट्री में उतरने की योजना बना रही हैं और उनकी कंपनी का बजट 34.67 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। अब इन दस्तावेजों की सच्चाई और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

See also  TRP की खबर का असर-मंत्री रविंद्र चौबे ने वर्मी कंपोस्ट खरीदी में जांच के दिये आदेश