टीआरपी डेस्क। IPL 2026 का 15वां मुकाबला आज यानी गुरुवार, 9 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। तीन मैचों के बाद भी पहली जीत की तलाश कर रही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना आत्मविश्वास से लबरेज लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) से होगा। केकेआर के लिए यह मैच सीजन में बने रहने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
केकेआर के लिए गुड न्यूज
बीमारी के बाद नरेन पूरी तरह फिट हैं और उनकी वापसी तय है। वहीं वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण अब तक सिर्फ बल्लेबाजी कर रहे ग्रीन आज पहली बार गेंदबाजी करते नजर आएंगे। हालांकि, अंगुली की चोट की वजह से मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का खेलना संदिग्ध है। उनकी जगह रचिन रवींद्र को मौका मिल सकता है, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में गहराई प्रदान करेंगे।
रणनीति में बदलाव की तैयारी
लगातार मिल रही हार के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे शीर्ष क्रम में बदलाव कर सकते हैं। चर्चा है कि फिन एलेन के साथ टिम सीफर्ट की कीवी जोड़ी पारी की शुरुआत कर सकती है, जिससे केकेआर को वह आक्रामक शुरुआत मिले जिसकी उसे सख्त जरूरत है।
लखनऊ की ताकत
दूसरी ओर, लखनऊ की टीम पिछले मैच की जीत के बाद बुलंदियों पर है। कप्तान ऋषभ पंत (68* रन) शानदार लय में हैं। उनके साथ मिचेल मार्श और एडेन मार्करम की तिकड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने का दम रखती है। मोहम्मद शमी और आवेश खान की धारदार गेंदबाजी लखनऊ का पलड़ा भारी कर रही है।
क्या भी धुलेगा मैच?
कोलकाता में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मन्नार की खाड़ी से लेकर बंगाल तक बने निम्न दबाव के कारण आज भी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, ड्रेनेज सिस्टम बेहतर होने और शाम को मौसम साफ रहने की उम्मीद के चलते मैच पूरा होने की संभावना अधिक है।



