टीआरपी डेस्क। अल्लू अर्जुन ने ‘पुष्पाराज’ बनकर बॉक्स ऑफिस पर जो तबाही मचाई थी, उसकी गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि उनकी अगली फिल्म RAAKA ने सोशल मीडिया पर गदर काट दिया है। पुष्पा 2 के 1871 करोड़ के ऐतिहासिक कलेक्शन के बाद अब अल्लू अर्जुन, डायरेक्टर एटली के साथ मिलकर कुछ ऐसा ला रहे हैं जो भारतीय सिनेमा के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकता है।
बाल्ड लुक और खूंखार आंखें: इंटरनेट पर वायरल हुआ लुक
बता दें कि फिल्म का टाइटल पहले AA22 रखा गया था, जिसे अब मेकर्स ने RAAKA के नाम से रिवील कर दिया है। फिल्म से अल्लू अर्जुन का जो फर्स्ट लुक सामने आया है, उसने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है। तस्वीर में अल्लू अर्जुन बिल्कुल बाल्ड (गंजे) नजर आ रहे हैं। उनकी आंखें खूंखार दिख रही हैं और हाथ के बड़े-बड़े नाखून किसी दरिंदे की तरह लग रहे हैं। जवान की सफलता के बाद एटली अब अल्लू अर्जुन को एक ऐसे डार्क अवतार में पेश कर रहे हैं, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी।
दीपिका पादुकोण के साथ अब ‘बाहुबली’ एक्ट्रेस की एंट्री
गौरतलब है कि इस फिल्म में दीपिका पादुकोण लीड एक्ट्रेस के तौर पर पहले ही फाइनल हो चुकी हैं। लेकिन असली धमाका तब हुआ जब ‘बाहुबली’ की ‘शिवगामी देवी’ यानी राम्या कृष्णन ने खुद इस फिल्म का हिस्सा होने की पुष्टि कर दी।
दरअसल, मेकर्स ने अभी तक ऑफिशियली ऐलान नहीं किया था, लेकिन राम्या ने खुद सोशल मीडिया पर इसके संकेत दे दिए हैं। जैसे ही उन्होंने फिल्म से जुड़ी जानकारी साझा की, फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कोई उन्हें फिल्म में ‘वेलकम’ कह रहा है, तो कोई इसे साल की सबसे बड़ी कास्टिंग बता रहा है।
जान्हवी और मृणाल ठाकुर के नाम पर भी चर्चा
मैदानी सूत्रों और फिल्म गलियारों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, इस मेगा प्रोजेक्ट में सिर्फ दीपिका और राम्या ही नहीं, बल्कि जान्हवी कपूर और मृणाल ठाकुर के नाम पर भी विचार चल रहा है। सन पिक्चर्स इस फिल्म पर पानी की तरह पैसा बहा रही है।
1700 करोड़ का रिकॉर्ड फिर टूटेगा?
आपको याद दिला दें कि राम्या कृष्णन की ‘बाहुबली 2’ ने 1700 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था, वहीं अल्लू अर्जुन की पिछली फिल्म ने भी रिकॉर्ड तोड़े हैं। अब जब ये दोनों दिग्गज एक साथ आ रहे हैं, तो ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यह फिल्म इंडियन सिनेमा का नया बेंचमार्क सेट करेगी। फिलहाल, पूरी टीम शूटिंग की तैयारियों में जुटी है और जल्द ही राम्या के रोल को लेकर बड़ा खुलासा हो सकता है।


