ऊधमपुर/जम्मू: जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। रामनगर इलाके के खगोट क्षेत्र (गांव कनोत) के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 20 से ज्यादा लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

दरअसल, यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस रामनगर से ऊधमपुर की ओर जा रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ काटते समय ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जानकारी के मुताबिक, मौके पर कई एंबुलेंस भेजी गई हैं और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जताई संवेदना, एयरलिफ्ट की तैयारी

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर जानकारी दी कि, उन्होंने ऊधमपुर के DC मिंगा शेरपा से सीधी बात की है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट की व्यवस्था भी की जा रही है। स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की टीम भी राहत कार्य में जुटी है।

See also  BREAKING: बलरामपुर जिले के क्वारेंटाइन सेंटर में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने खुद को मारी गोली

प्रशासन की कार्रवाई और स्थानीय लोगों का गुस्सा

गौरतलब है कि हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों को डायवर्ट कर दिया है ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। वहीं, स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़कों और लचर यातायात प्रबंधन की वजह से इस इलाके में आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों की हालत सुधारी जाए ताकि भविष्य में ऐसे डेथ ट्रैप’ से बचा जा सके।

हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका

बता दें कि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने अंदेशा जताया है कि मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना और शवों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित करना है।

See also  INCOVACC Vaccine: दुनिया की पहली कोविड नेजल वैक्सीन लॉन्च, जानें कितनी होगी इसकी कीमत