जांजगीर-चांपा। जिले के एसपी कार्यालय के भीतर एक व्यक्ति द्वारा जहर सेवन किये जाने के बाद हड़कंप मच गया। दरअसल शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर इस व्यक्ति ने यह कदम उठाया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, आत्महत्या का प्रयास करने वाले व्यक्ति की पहचान टी.आर. साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहू पिछले कई दिनों से एसपी कार्यालय के चक्कर लगा रहा था और अपनी शिकायत लेकर लगातार अधिकारियों को आवेदन दे रहा था। उसकी शिकायत मकान मालिक से जुड़े एक विवाद को लेकर थी।

टी.आर. साहू ने आरोप लगाया कि उसका मकान मालिक उसके परिवार के खिलाफ साजिश रच रहा है। विशेष रूप से उसने यह आरोप लगाया कि उसकी भाभी के नाम पर एलआईसी (LIC) की राशि को गलत तरीके से निकालने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में उसने कई बार लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कथित तौर पर उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

See also  कवासी लखमा तस्वीर विवाद/ मंत्री का अपमान बस्तर का अपमान है, माफी मांगे भाजपा- विक्रम शाह मंडावी

बताया जा रहा है कि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी के चलते उसने गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर यह आत्मघाती कदम उठा लिया। जैसे ही उसने जहर का सेवन किया, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। तत्काल उसे प्राथमिक उपचार देते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।