टीआरपी डेस्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के रण में उतरने वाले नेताओं की क्राइम कुंडली सामने आई है। दरअसल, ADR की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस चरण में चुनावी मैदान में उतरे लगभग 23% उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, धनबल के मामले में भी उम्मीदवार पीछे नहीं हैं, जहां हर पांचवा प्रत्याशी करोड़पति है।
हत्या और अपहरण के आरोपी भी मैदान में
बता दें कि एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने 1,445 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया है। इसमें जो बातें निकलकर सामने आईं, वो काफी डराने वाली हैं। कुल 338 उम्मीदवारों (23%) ने खुद पर आपराधिक मामले होने की बात कबूली है। इनमें से 295 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर गंभीर किस्म के केस दर्ज हैं। गौरतलब है कि 16 उम्मीदवारों पर हत्या और 80 पर हत्या के प्रयास जैसे संगीन आरोप हैं। मिली जानकारी के अनुसार 63 निर्वाचन क्षेत्रों को रेड अलर्ट जोन घोषित किया गया है, क्योंकि यहां 3 से ज्यादा दागी उम्मीदवार आमने-सामने हैं।
बीजेपी-टीएमसी में कौन कितना दागी?
- BJP: 141 में से 102 उम्मीदवारों (72%) पर केस दर्ज हैं।
- TMC: 142 में से 49 उम्मीदवारों (35%) पर आपराधिक मामले हैं।
- CPI(M): 100 में से 51 उम्मीदवार (51%) दागी हैं।
- कांग्रेस: 142 में से 37 उम्मीदवारों (26%) ने केस घोषित किए हैं।
हर उम्मीदवार की औसत संपत्ति 1.21 करोड़
सियासत के इस खेल में पैसा भी जमकर बोल रहा है। मिल रही जानकारी के मुताबिक, इस चरण में 321 उम्मीदवार करोड़पति हैं। टीएमसी के 73% उम्मीदवार करोड़पति हैं, जबकि बीजेपी के 52% प्रत्याशी इस लिस्ट में शामिल हैं। कांग्रेस और सीपीआईएम के भी करीब 25 से 33 फीसदी उम्मीदवार धनवानों की श्रेणी में आते हैं।



