रायगढ़। नगर निगम, रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 31 की पार्षद त्रिनिशा चौहान और उनके परिवार के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पार्षद ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और दर्ज धाराओं को लेकर असंतोष जताते हुए महापौर सहित बीजेपी पार्षदों ने थाने में धरना दिया। इसके बाद 3 नाबालिग सहित 12 आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस द्वारा और भी धाराएं जोड़ी गईं।

पुलिस के अनुसार, घटना उस समय की है जब महिला पार्षद अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह से लौट रही थीं, तभी समलेश्वरी मंदिर रोड पर वाहन हटाने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। पार्षद के अनुसार, दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की।

सिटी कोतवाली में बैठे धरने पर

इस मामले में पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया। हालांकि, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और दर्ज धाराओं को लेकर असंतोष जताते हुए महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू सहित भाजपा पार्षद बुधवार दोपहर को सिटी कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पुलिस अफसरों के आश्वासन के बाद शाम 4 बजे धरना समाप्त किया गया।

See also  20, 21 और 22 मई को प्रभावित रहेगा छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनों का संचालन, 4 ट्रेनें रद्द, इतनी ट्रेनों को किया गया री-शेड्यूल

प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।

हत्या के प्रयास और बलवा की धाराएं जोड़ी

रायगढ़ शहर में मरीन ड्राइव के पास हुई मारपीट के इस मामले में कोतवाली पुलिस ने 3 नाबालिग सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में हत्या के प्रयास और बलवा की धाराएं जोड़ी गईं।

प्रार्थी चाहत जैन (27 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अप्रैल को शादी समारोह से लौटते समय शनि मंदिर के पास एक वाहन को लेकर विवाद हुआ। प्रार्थी के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और अन्य वस्तुओं से हमला किया, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।

आरोप है कि वाहन चालक मोहम्मद शेख अफताब ने अपने साथियों—समीर खान, मीत वर्मा, रोहन यादव एवं अन्य के साथ मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर डंडा, लाठी, लोहे की रॉड एवं बेसबॉल बैट से लैस होकर चाहत जैन और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में चाहत जैन सहित शिवम बघेल, ऋषभ चौहान और सागर बघेल को सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं।

See also  ब्रेकिंग: दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में एक ही परिवार के 11 कोरोना संक्रमित

पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज किया। बाद में चोटों की प्रकृति के आधार पर गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल 3 विधि के साथ संघर्षरत बालकों सहित आरोपी मीत वर्मा, रोहन यादव, समीर खान, शंकर साहू, शेख मोहम्मद अफताब, शाख माह जुनैद, राज केवंत, विश्राम सारथी एवं कान्हा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट, लोहे की रॉड एवं डंडे जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।