टीआरपी डेस्क। भारतीय सर्राफा बाजार और वायदा कारोबार (MCX) में बीते एक सप्ताह के दौरान कीमती धातुओं की कीमतों में जबरदस्त उठापटक देखने को मिली है। भले ही सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने और चांदी में मामूली बढ़त दर्ज की गई, लेकिन पूरे हफ्ते के आंकड़ों पर गौर करें तो निवेशकों और खरीदारों के लिए यह बड़ी राहत लेकर आया है।

चांदी की कीमतों में 12,821 रुपये प्रति किलो की भारी कटौती

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर महज पांच कारोबारी दिनों के भीतर चांदी की कीमतों में 12,821 रुपये प्रति किलो की भारी कटौती हुई है। वहीं, सोने का वायदा भाव भी इसी अवधि के दौरान 1800 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा नीचे गिर गया है। बाजार जानकारों का मानना है कि वैश्विक दबाव और घरेलू मांग में आए बदलाव के कारण कीमतों में यह सुधार देखा जा रहा है।

चांदी के तेवर हुए ठंडे: ऑल टाइम हाई से करीब 2 लाख रुपये हुई सस्ती

चांदी की कीमतों में आया उतार-चढ़ाव इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। साल की शुरुआत में जनवरी महीने में चांदी ने 4,39,337 रुपये प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर छूकर सबको चौंका दिया था, लेकिन अब यह अपने उस उच्चतम स्तर से 1,95,016 रुपये तक टूट चुकी है।

See also  अमेरिका-ईरान जंग खत्म होने के एलान से झूमा बाजार, सेंसेक्स 1080 और निफ्टी 330 अंक उछला, रुपया 53 पैसे मजबूत…

शुक्रवार को एमसीएक्स पर चांदी 2,44,321 रुपये पर बंद हुई। घरेलू बाजार की बात करें तो इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, एक हफ्ते में चांदी 6,115 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है। 17 अप्रैल को जो चांदी 2,49,940 रुपये पर थी, वह सप्ताह खत्म होते-होते 2,43,825 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई है।

सोना भी हुआ सस्ता: लाइफ टाइम हाई से 50 हजार रुपये से ज्यादा की छूट

पीली धातु यानी सोने की चमक भी इस सप्ताह कुछ फीकी रही है। एमसीएक्स पर 5 जून की एक्सपायरी वाला सोना शुक्रवार को 1,52,799 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जो पिछले सप्ताह के मुकाबले 1,810 रुपये कम है। गौरतलब है कि सोने ने भी जनवरी में 2,02,984 रुपये का अपना लाइफ टाइम हाई बनाया था, जिससे तुलना करने पर अब सोना 50,185 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है। घरेलू बाजार में भी 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,475 रुपये के स्तर पर बंद हुआ है। हालांकि, ग्राहकों को ध्यान रखना होगा कि आभूषण खरीदते समय इन कीमतों पर 3 प्रतिशत जीएसटी और मेकिंग चार्ज अलग से देना होता है, जो विभिन्न शहरों के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है।

See also  भारत सरकार ने पद्म पुरस्कारों की घोषणा की, जानें किस-किसको मिला सम्मान