रायपुर/बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में कुदरत के दो अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां बिलासपुर 44.4 डिग्री के साथ भट्टी की तरह तप रहा है, वहीं मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में तेज अंधड़ और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है।

बिलासपुर में टूटा रिकॉर्ड

मैदानी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के पांच बड़े शहरों में पारा 42 डिग्री के पार जा चुका है। सबसे बुरा हाल न्यायधानी बिलासपुर का है, जहां पारा 44.4°C पहुंच गया है। राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां आज लू (Heat Wave) चलने की आशंका है और तापमान 45°C को छू सकता है। दोपहर के वक्त उस्लापुर रेलवे स्टेशन से लेकर रायपुर के जयस्तंभ चौक तक सन्नाटा पसरने लगा है।

यूपी के सिस्टम से बदलेगा मिजाज, 50km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के ऊपर एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय हुआ है, जिसका सीधा असर छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से उमस बढ़ सकती है, लेकिन लू से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

See also  Donkey Route: गुजरात से USA पहुंचने लाखों खर्च करते है इस गांव के लोग, Melody माता से अमेरिका जाने करते हैं प्रार्थना

लू और गर्म रात का टॉर्चर

मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले तीन दिनों तक ‘हीट वेव’ के साथ-साथ ‘गर्म रात’ (Warm Night) की स्थिति बनी रहेगी। लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राहत की खबर: 3 दिन बाद गिरेगा पारा

प्रशासन और मौसम विभाग की मानें तो तीन दिन बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। फिलहाल अंबिकापुर में रातें थोड़ी ठंडी हैं, जहां न्यूनतम तापमान 22.5°C दर्ज किया गया है। लेकिन मैदानी इलाकों में कूलर और एसी भी अब जवाब देने लगे हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि लू की चपेट में आने वाले मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।