खेल डेस्क। क्रिकेट जगत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। आईपीएल की दिग्गज टीम राजस्थान रॉयल्स अब पूरी तरह से नए कलेवर और नए मालिकों के साथ मैदान में नजर आएगी। दुनिया के दिग्गज उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल और आदित्य मित्तल ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर इस फ्रेंचाइजी को खरीदने का बड़ा समझौता किया है। सूत्रों के मुताबिक, यह डील करीब 15,660 करोड़ रुपए ($1.65 बिलियन) में हुई है, जो आईपीएल इतिहास के अब तक के सबसे बड़े निवेशों में से एक है।
इस पूरी डील की सबसे खास बात यह है कि टीम की कमान अब एक राजस्थानी हाथ में ही रहेगी। स्टील किंग के नाम से मशहूर लक्ष्मी मित्तल का जन्म राजस्थान के चूरू जिले के एक छोटे से गांव में हुआ था। मित्तल ने खुद कहा कि क्रिकेट के प्रति उनका लगाव बचपन से रहा है और अपनी मिट्टी की टीम राजस्थान रॉयल्स से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। खेल प्रेमियों के बीच इस खबर के बाद जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
किसे मिलेगी कितनी हिस्सेदारी?
समझौते के मुताबिक, मित्तल परिवार के पास टीम की करीब 75% हिस्सेदारी होगी। वहीं, सीरम इंस्टीट्यूट वाले अदार पूनावाला 18% हिस्सेदारी के साथ मुख्य साझेदार होंगे। पुरानी मैनेजमेंट का अनुभव साथ रखने के लिए मनोज बडाले और अन्य निवेशकों के पास 7% हिस्सा रहेगा। मनोज बडाले टीम के साथ बने रहेंगे ताकि पुराने और नए मैनेजमेंट के बीच तालमेल बना रहे।
सिर्फ आईपीएल नहीं, ग्लोबल ब्रांड पर कब्जा
राजस्थान रॉयल्स अब सिर्फ एक भारतीय टीम नहीं, बल्कि एक ग्लोबल ब्रांड बन चुकी है। इस सौदे के तहत मित्तल परिवार के पास न केवल आईपीएल टीम, बल्कि दक्षिण अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन लीग की बारबाडोस रॉयल्स का मालिकाना हक भी आ जाएगा। फिलहाल यह डील बीसीसीआई (BCCI) और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी के इंतजार में है। उम्मीद है कि सितंबर 2026 तक कागजी कार्रवाई और नियामक मंजूरियां पूरी होने के बाद यह सौदा आधिकारिक तौर पर संपन्न हो जाएगा।
बोर्ड में शामिल होंगे ये दिग्गज चेहरे
नई टीम के बोर्ड में अब लक्ष्मी एन. मित्तल, आदित्य मित्तल, वनिशा मित्तल-भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बडाले जैसे कद्दावर नाम शामिल होंगे। इससे पहले एक अमेरिकी बिजनेसमैन ने भी बड़ी बोली लगाई थी, लेकिन बात नहीं बन पाई थी। अब मित्तल परिवार की एंट्री से राजस्थान रॉयल्स की ब्रांड वैल्यू और भविष्य की रणनीतियों में बड़ा उछाल आने की उम्मीद जताई जा रही है।


