रायपुर। राजधानी के रावाभाठा इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर बम बनाने का संदिग्ध सामान और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने की खबर आई। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां वार्ड नंबर-13 में पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घंटों तक जांच की है। बताया जा रहा है कि यह सामान एक बैग में भरकर रखा गया था, जिसे देख मोहल्ले वाले भी दहशत में हैं।
मितानिन के घर अमानत में रखा था मौत का सामान
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा में रहने वाली मितानिन पुष्पा साहू के घर पर यह संदिग्ध सामान मिला है। बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम बीरगांव का रहने वाला विनय देवांगन नाम का शख्स एक बैग लेकर पुष्पा के घर पहुंचा था। उसने मितानिन से कहा कि वह कुछ देर के लिए यह सामान रख ले और बाद में आकर ले जाएगा। मितानिन को विनय के व्यवहार और बैग के वजन पर शक हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को इसकी जानकारी दी।
पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम ने डाला डेरा
सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंच गया। डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर खुद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने सावधानी से बैग की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर सब दंग रह गए। बैग से बैटरी, ढेर सारे बिजली के तार, एक एयरगन, दो बोतल संदिग्ध केमिकल और डेटोनेटर जैसा दिखने वाला सामान मिला है। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को घेर लिया और फॉरेंसिक टीम ने सैंपल इकट्ठा किए हैं।
कांग्रेस नेता से जुड़ रहे हैं तार?
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा विनय देवांगन को लेकर हो रहा है। चर्चा है कि विनय देवांगन एक रसूखदार कांग्रेस नेता का साला है। हालांकि, पुलिस इस पर अभी कुछ भी कहने से बच रही है। डीसीपी मयंक गुर्जर का कहना है कि संदिग्ध सामग्री को जब्त कर लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है कि आखिर इतने संवेदनशील सामान को रिहायशी इलाके में क्यों रखा गया था। क्या कोई बड़ी साजिश रची जा रही थी या मामला कुछ और है, इसका खुलासा विनय की गिरफ्तारी के बाद ही होगा।



