टीआरपी डेस्क। इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 में सवार यात्रियों के लिए उस समय मौत का मंजर सामने आ गया जब विमान पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान खराब मौसम की चपेट में आ गया। आसमान में अचानक आए भीषण टर्बुलेंस के कारण विमान हवा में अनियंत्रित होकर गोते खाने लगा। इस स्थिति ने यात्रियों के भीतर दहशत पैदा कर दी और लोग डर के मारे चिल्लाने लगे। विमान के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हर कोई किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से कांप उठा।

इस जानलेवा संकट के बीच विमान की कमान संभाल रहे अनुभवी पायलट और सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। पटना में विमान उतारना खतरनाक मानते हुए उन्होंने जोखिम नहीं लिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर तत्काल विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला किया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई और अनुभव ने हवा में झूलती सैकड़ों जिंदगियों को सुरक्षित बचा लिया।

See also  एक झटके में उजड़ा परिवार ! करंट से एक-दूसरे को बचाने में गई 3 जान…

लखनऊ एयरपोर्ट पर जैसे ही विमान के पहिए रनवे से टकराए, यात्रियों की जान में जान आई। इस राहत भरे पल में राजीव प्रताप रूडी ने केबिन से घोषणा की कि अब आप तालियां बजा सकते हैं, क्योंकि आप पूरी तरह सुरक्षित हैं।

यह सुनते ही यात्रियों ने खुशी और सम्मान के साथ तालियों की गड़गड़ाहट से पायलट का आभार जताया। विमान में सवार लोगों ने स्वीकार किया कि अगर पायलट ने सही समय पर डायवर्जन का फैसला नहीं लिया होता, तो परिणाम भयावह हो सकते थे। लैंडिंग के बाद लखनऊ में एयरलाइंस द्वारा यात्रियों के लिए आगे की व्यवस्था की गई।