सूरजपुर। जिले में चोरी के आरोप में दो युवकों को अमानवीय सजा दिए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने दोनों युवकों की पिटाई की और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

यह मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के छिंदिया गांव का है। जहां गांव के ही रहने वाले धनसाय और मुकेश पर खेत से सबमर्सिबल पंप चोरी करने का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई की और उनके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई, फिर चोरी का सामान उनकी पीठ पर लादकर गांव में घुमाया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वीडियो में दोनों युवक चोरी के पंप के साथ दिखाई दे रहे हैं।

See also  फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेच दी 200 एकड़ जमीन..! पुलिस ने 4 को किया गिरफ्तार

इस वाकए के बाद पीड़ित युवकों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। जांच में मारपीट या प्रताड़ना की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

जिले में एक महीने में दूसरी बार हुई घटना

गौरतलब है कि सूरजपुर जिले में इस तरह की एक महीने के भीतर यह दूसरी घटना है। इससे पहले पस्ता गांव में चोरी के शक में एक युवक का आधा सिर मुंडवाकर उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई थी। आरोप है कि युवक और उसकी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए उन्हें गांव में घुमाया गया था। उस मामले में भी पुलिस से शिकायत की गई और जांच के बाद 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। ग्राम छिंदिया में हुई घटना के आरोपियों की भी खोजबीन शुरू हो गई है।

See also  Bharat Jodo Yatra in Madhya Pradesh: कांग्रेस नेता मांगीलाल शाह की हार्ट अटैक से मौत