टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कुम्हारी इलाके में अचानक हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में एक 4 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। पूरा इलाका इस घटना से सदमे में है।

हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक एक तेज धमाका हुआ और घर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सिलेंडर फटने की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने पूरे मकान को घेर लिया। अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का रास्ता ही नहीं मिला।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। मकान के अंदर से कुल चार शव निकाले गए हैं। इसमें तीन वयस्क (बड़े) और एक करीब 4 साल का बच्चा है। ऐसी आशंका है कि सिलेंडर लीक होने की वजह से गैस पूरे घर में फैल गई थी, जिससे धमाका इतना घातक हुआ। पुलिस मृतकों के नाम और पहचान पुख्ता करने में जुटी है।

See also  Chhattisgarh: महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षक पदों पर भर्ती, जानें आवेदन की अंतिम तारीख

दुर्ग पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि सिलेंडर में ब्लास्ट कैसे हुआ। क्या यह हादसा लापरवाही की वजह से हुआ या फिर इसके पीछे कोई और कारण था। फिलहाल, पूरे कुम्हारी में मातम पसरा हुआ है।