टीआरपी डेस्क। गरियाबंद जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने ईंधन वितरण की सीमा तय करने का बड़ा आदेश जारी किया है। नए निर्देशों के तहत अब दोपहिया वाहनों को अधिकतम 300 रुपये और चारपहिया वाहनों को केवल 1000 रुपये तक का ही पेट्रोल-डीजल दिया जाएगा।

अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन अलर्ट

पिछले कुछ दिनों से गरियाबंद और राजिम क्षेत्र में ईंधन खत्म होने की भ्रामक खबरें सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तैर रही थीं। इसके बाद घबराहट में लोग ड्रम, जेरीकेन और बोतलों में बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल भरकर घरों में जमा करने लगे थे। इस कृत्रिम संकट और सुरक्षा संबंधी खतरों को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया है।

कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों और खाद्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल पंपों की लगातार निगरानी की जाए। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि खुले बर्तनों या बोतलों में ईंधन देने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ सीधे लाइसेंस रद्द करने जैसी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

See also  CG News: छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने पर 6 फरवरी 2026 तक चलेगा कार्यक्रम, हर विभाग के अलग-अलग आयोजन