रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित फर्जी कैफे में आयोजित “रेड रूम टेक्नो पार्टी” को पुलिस ने
रद्द करा दिया है। इस मामले में तीन आयोजकों को हिरासत में लिए जाने की खबर है। पुलिस ने इस विवादित कार्यक्रम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में अपलोड आपत्तिजनक फोटो, पोस्टर और वीडियो भी डिलीट करवा दिए हैं।
आयोजकों द्वारा जारी किये गए पोस्टर के मुताबिक यह कार्यक्रम शुक्रवार को फर्जी कैफे में शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक होना था। पार्टी के लिए 8 हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक की बुकिंग फीस तय की गई थी। वहीं कलाकारों से मुलाकात के लिए अलग से शुल्क लेने की जानकारी भी सामने आई है। राजधानी में इस तरह की पार्टी के आयोजन को लेकर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
दरअसल जैसे ही इस कार्यक्रम की मीडिया में खबरें आईं पुलिस ने पूरे मामले को तत्काल संज्ञान में लिया। दरअसल इस तरह के किसी भी आयोजन की न तो पूर्व में जानकारी दी गई थी और न ही संबंधित थाने से अनुमति ली गई। पुलिस ने कहा है कि इस तरह के किसी भी आयोजन को सख्ती के साथ तत्काल प्रभाव से रद्द कराया जाएगा। इस आयोजन को रद्द करवा दिया गया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से सभी फोटो, पोस्टर और वीडियो डिलीट करा दिए गए हैं। जानकारी मिली है कि तेलीबांधा ठाणे की पुलिस ने आयोजकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किये।



