रायपुर। Chhattisgarh Weather Update: राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शनिवार को मौसम का अजब रंग देखने को मिला। मई के महीने में आषाढ़ जैसी झमाझम बारिश हुई। तेज अंधड़ और कड़कड़ाती बिजली के साथ गिरे पानी ने लोगों को तरबतर कर दिया। आंधी इतनी तेज थी कि राजधानी के कई इलाकों में भारी-भरकम पेड़ धराशायी हो गए। कई गाड़ियां इन पेड़ों की चपेट में आकर दब गईं। लापरवाही का आलम यह है कि रविवार सुबह तक सड़कों से इन पेड़ों को हटाया नहीं जा सका है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है।
सोमवार से बदलेगा मौसम, मई के आखिरी हफ्ते में चलेगी लू
मौसम विभाग की मानें तो राहत के ये दिन अब खत्म होने वाले हैं। बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्सों में सोमवार से आसमान पूरी तरह साफ होने लगेगा। धूप तेज होगी और दिन के तापमान में तगड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, 20 मई के बाद पूरे प्रदेश में सूरज के तेवर तीखे हो जाएंगे। मई के आखिरी हफ्ते में छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भीषण लू (Heat Wave) चलने की स्थिति बन सकती है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मध्य प्रदेश से लेकर बांग्लादेश तक एक सिस्टम (द्रोणिका) बना हुआ था। इस वजह से समुद्र से भारी मात्रा में नमी छत्तीसगढ़ आ रही थी। दोपहर की तेज गर्मी और इस नमी के मिलने से लोकल सिस्टम एक्टिव हुआ और झमाझम बारिश हो गई। रविवार को भी रायपुर में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। आज रायपुर का पारा 41 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, जशपुर, कांकेर, नारायणपुर, बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा और कोरिया समेत कई इलाकों में अंधड़ चलने और बिजली गिरने की आशंका है।
अंडमान में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल
इस तपन के बीच एक अच्छी खबर भी है। मौसम विभाग के अनुसार, निकोबार और अंडमान द्वीप समूह में लगातार अच्छी बारिश हो रही है। वहां 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मानसूनी हवाएं चल रही हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए सारे संकेत बिल्कुल सही और अनुकूल हैं। ऐसे में उम्मीद है कि जून के महीने में मानसून सही समय पर छत्तीसगढ़ में दस्तक दे देगा।


