बस्तर/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल संकट का असर अब पब्लिक सेक्टर के उद्योगों पर भी दिखने लगा है। दंतेवाड़ा जिले में स्थित देश की प्रमुख लौह अयस्क परियोजना NMDC बैलाडीला में डीजल की किल्लत से परिवहन व्यवस्था लगभग ठप पड़ गई है। किरंदुल और बचेली क्षेत्र में करीब 1600 ट्रक पिछले दो दिनों से खड़े हैं और लौह अयस्क की ढुलाई पूरी तरह प्रभावित है।

खदान से लोडिंग हो रही, लेकिन ट्रक रवाना नहीं हो पा रहे

NMDC की किरंदुल और बचेली खदानों में ट्रकों में लौह अयस्क की लोडिंग तो हो रही है, लेकिन डीजल नहीं मिलने के कारण वाहन रवाना नहीं हो पा रहे हैं। रोजाना यहां से रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और विशाखापट्टनम के लिए सैकड़ों ट्रक निकलते हैं, जो अब पंपों पर खड़े हैं।

जिले के 19 में से कुछ पंपों पर ही डीजल

दंतेवाड़ा जिले के 19 पेट्रोल पंपों में से केवल कुछ पर ही सीमित मात्रा में डीजल उपलब्ध है। ईंधन भरवाने के लिए ट्रकों, ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। घंटों इंतजार के बाद भी कई बार खाली लौटना पड़ रहा है।

See also  अब बस्तर में कांग्रेस को लगा जोर का झटका, महापौर सफीरा साहू समेत 8 पार्षद बीजेपी में शामिल, निगम में अब भाजपा की सरकार

करोड़ों के नुकसान की आशंका

ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि अगर जल्द डीजल आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो NMDC और बैलाडीला ट्रक ऑनर्स परिवहन संघ को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है। एक ट्रांसपोर्टर ने बताया, “दो दिनों से ट्रक खड़े हैं। डीजल नहीं मिलने से पूरा परिवहन प्रभावित है। हालात जल्द नहीं सुधरे तो बड़ा नुकसान तय है।”

खेती-किसानी पर भी असर

डीजल संकट से सिर्फ उद्योग ही नहीं, खेती भी प्रभावित हो रही है। किसान ट्रैक्टर लेकर पंपों के चक्कर काट रहे हैं। खरीफ सीजन में डीजल नहीं मिलने से जुताई-बुआई का काम रुक गया है। किसानों का कहना है कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी पर्याप्त डीजल नहीं मिल पा रहा।

प्रशासन के प्रयास जारी, लेकिन हालात गंभीरफिलहाल प्रशासन स्थिति सामान्य करने के प्रयास कर रहा है, लेकिन डीजल संकट ने दंतेवाड़ा में आम जनजीवन, उद्योग और खेती—तीनों को बुरी तरह प्रभावित किया है। परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने चेतावनी दी है कि सप्लाई जल्द बहाल नहीं हुई तो खनन और ट्रांसपोर्ट कारोबार को बड़ा झटका लगेगा।

See also  Horoscope 26 May 2024 : इन राशि वालों को प्रोफेशनल लाइफ में नई उपलब्धियां होंगी हासिल, जानें क्या कहते है आपके सितारें