जशपुरनगर। जशपुर जिले में बेवा आदिवासी शिक्षिका से दुष्कर्म और SC-ST एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरक्षक पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। SP डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

क्या है पूरा मामला

कांसाबेल थाना में पदस्थ आरोपी आरक्षक के खिलाफ अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत BNS की धारा 376(2)(N), 376(2)(क)(1), 313, 294, 506(बी) और SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज है।

पीड़िता एक आदिवासी विधवा शिक्षिका है। आरोप है कि आरक्षक ने फेसबुक से संपर्क बढ़ाकर उसे शादी का झांसा दिया। इसके बाद लगातार शारीरिक शोषण किया, जबरन गर्भपात कराया, मानसिक प्रताड़ना दी और आर्थिक शोषण भी किया। पुलिस में शिकायत के बाद आरोपी फरार हो गया।

लगातार दबिश, अब तक फरार

मामला सामने आने के बाद से पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों और निवास पर लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। SP डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने उद्घोषणा जारी कर कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कराने या सटीक सूचना देने वाले को 2 हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

See also  CORONA ALERT : स्वास्थ्य विभाग ने सभी CMHO को कोरोना अलर्ट किया जारी

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल SP कार्यालय जशपुर, पुलिस नियंत्रण कक्ष या थाना कांसाबेल को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।