रायपुर : छत्तीसगढ़ में नौतपा से पहले ही सूरज की तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लगातार दूसरे दिन पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में झुलसता रहा। मौसम विभाग (IMD Alert) की मानें तो अगले पांच दिनों तक इस चुभती गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। रायपुर और बिलासपुर संभाग समेत कई इलाकों में ‘हीटवेव’ यानी लू का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर के वक्त गर्म हवाएं थपेड़ों की तरह बदन को झुलसा रही हैं।

सुबह 10 बजे से ही बरस रही आग, दुर्ग में पारा 44.8 डिग्री पार

प्रदेश में सुबह 10 बजते ही चिलचिलाती धूप का असर दिखने लगता है। दोपहर 12 बजे के बाद तो हालात ऐसे हो जाते हैं कि सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। तेज लू का यह असर शाम 5 बजे के बाद ही कुछ कम हो पा रहा है। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ का दुर्ग इलाका सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहाँ अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.9 डिग्री दर्ज हुआ।

See also  एग्जाम में बच्चों की बढ़ेगी एकाग्रता, बस पिलाएं ये 5 जादुई ड्रिंक्स

बड़े शहरों में पारे का हाल (City Wise Temperature Chhattisgarh):

  • दुर्ग: 44.8°C
  • रायपुर: 44.2°C
  • जगदलपुर: 42.4°C
  • बिलासपुर: 44.0°C
  • अंबिकापुर: 41.3°C

मौसम वैज्ञानिकों की राय: चक्रवात एक्टिव, पर अभी बढ़ेगी तपिश

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, इस समय ओडिशा और उसके आसपास हवा का एक चक्रवाती घेरा (Cyclonic Circulation) बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका भी गुजर रही है। इसके साथ ही उत्तर पाकिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी सक्रिय है। इन सिस्टम्स के बावजूद अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ का तापमान 2 डिग्री तक और बढ़ सकता है।

राजधानी रायपुर का हाल और कब होगी बारिश?

रायपुर में आज शनिवार को भी आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। आज यहाँ दिन का पारा 45 डिग्री और रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। यानी दिन के साथ-साथ अब रातें भी लोगों को बेचैन करेंगी।

राहत की बात बस इतनी है कि बस्तर संभाग में 26 मई से हल्की बारिश (Rainfall in Bastar) का दौर शुरू हो सकता है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग समेत मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में बादलों की आवाजाही और राहत की बौछारें 29 मई के बाद ही नजर आएंगी। तब तक लोगों को तेज धूप और लू से बचकर रहने की सलाह दी गई है।

See also  छत्तीसगढ़ सरकार को हाईकोर्ट की फटकार कहा, 18+के वैक्सीनेशन पर रोक नहीं लगा सकती सरकार